किडनी चोर के संदेह में युवक की पेड़ से बांधकर की पिटाई
- फोटो : अमर उजाला
एटा शहर के मोहल्ला भगीपुर के एक युवक का अपहरण कर किडनी निकलवाने का मामला सामने आया है। आरोपी एक युवक को लोगों ने बृहस्पतिवार को पकड़ लिया। पेड़ से बांधकर पीटा गया। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
मोहल्ला के किशन कुमार (23) का आरोप है कि 23 फरवरी की शाम करीब छह बजे वह मजदूरी करके घर लौट रहा था। आगरा रोड पर कार में सवार चार लोगों ने जबरन उसे कार में डाल लिया। इसके बाद कोई नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। बाद में लखनऊ के एक अस्पताल में ले जाकर पेट का ऑपरेशन करा किडनी निकलवा दी। इसके बाद भी बेहोशी की हालत में ही रखा। 15 अप्रैल को होश आया तो लखनऊ के किसी होटल में था। वहां से भाई को फोन करके बुलाया और उसकी मदद से 19 अप्रैल को उन लोगों के चंगुल से छूटकर एटा आ गया।
आरोप है कि 20 अप्रैल को एक तहरीर कोतवाली नगर पुलिस को दी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बृहस्पतिवार को बाजार से सामान लेने गया था, तभी एक आरोपी युवक उसे ई-रिक्शा में खींचकर ले जाने लगा। चीख-पुकार पर राहगीरों ने उस युवक को पकड़ लिया। आरोपी के पास से मिले मतदाता पहचान पत्र पर अश्वनी कुमार निवासी पंजाबपुरा एटा लिखा हुआ है। आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
दूसरी किडनी का भी किया जा रहा था सौदा
पीड़ित किशन कुमार ने रुंधे गले से बताया कि मुझे लगता है शायद जिंदा रखने की वजह दूसरी किडनी थी। जिसको निकालने के लिए योजना बनाई जा रही थी। एक किडनी निकालने के बाद दूसरी किडनी का भी सौदा किया जा रहा था। हल्का होश में आने पर उनके लोगों द्वारा फोन पर की जाने वाली बातचीत में यह बात समझ में आती थी। जिंदा रहने के लिए कुछ ही निवाले दिए जाते थे, ताकि सांसें चलती रहें। रोते हुए कहा कि वह दिन मेरी जिंदगी का सबसे खुशनसीब था, जब मैं अपने भाई बॉबी को फोन कर सका।