मथुरा के टैंटीगांव से गई एक बरात में युवक की सुरीर कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर बस की छत से गिरकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे यमुना एक्सप्रेसवे के सुरक्षाकर्मियों एवं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना नौहझील के कौलाना का रहने वाला दिनेश कुमार (35) हलवाई का काम करता था। शनिवार रात परिवार के युवक की शादी थी। बरात बस से गांव छिकाऊ टूंडला गई थी। इसमें दिनेश भी गया था। बरात चढ़त व खाना खाने के बाद रात को लौट रही थी। कुछ बराती बस की छत पर चढ़ कर सो गए। बस रात दो बजे सुरीर कोतवाली क्षेत्र के माइल स्टोन 77 गांव मीरपुर के पास पहुंची, तभी बस के ऊपर सो रहे दिनेश कुमार की आंख खुल गई और वह अचानक खड़ा हो गया। इससे वह चलती बस से नीचे सड़क पर गिर गया।
बस चालक एवं अन्य बरातियों को उसके गिरने का पता नहीं चला। बाराती घर पहुंच गए। यमुना एक्सप्रेसवे सुरक्षाकर्मियों एवं पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक सड़क पर घायलावस्था में पड़ा है। सूचना पर सुरक्षाकर्मी एवं पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। दिनेश कुमार से मिले मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह परमार ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे पर मृत मिले दिनेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।