दुष्कर्म के आरोपी की तलाश में दबिश
बिछवां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोपी पूर्व सैनिक की तलाश में सीओ ने पुलिस बल के साथ दबिश दी। लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आ सका। दो दिन पूर्व एक किशोरी के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा है कि वह दिल्ली में रह कर भाई का इलाज करा रहे थे। इस बीच आरोपी सेवानिवृत्त सैनिक वीरेंद्र सिंह ने उनकी बेटी के साथ डरा धमका कर दुष्कर्म किया।
उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई। इसके बाद ब्लैकमेल कर बेटी के साथ कई दिनों तक दुष्कर्म करता रहा। उक्त मामले में थाना पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। सीओ भोगांव अमर बहादुर ने आरोपी के गांव पहुंच कर संभावित स्थानों पर तलाश के लिए दबिश दी। लेकिन आरोपी वीरेंद्र पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका। सीओ का कहना है कि जल्द ही पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजेगी।