मथुरा में नौहझील-शेरगढ़ मार्ग पर रविवार की रात को गो रक्षकों को देख चालक द्वारा दौड़ाई गई गायों से भरी डीसीएम पलट गई। इस हादसे में बुलंदशहर के गांव अरनिया निवासी मुन्ना की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मुन्ना गो तस्करों का साथी है। एक गो तस्कर को पकड़ भी लिया गया है। पुलिस पूछताछ में उसने अपने सभी छह साथियों के नाम बता दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक यह घटना नौहझील थाना क्षेत्र में झाड़ी हनुमान मंदिर के पास की है। कार सवार गो रक्षकों को देख गायों से भरी डीसीएस को चालक ने तेजी के साथ दौड़ाया। बेकाबू डीसीएम थोड़ा सा आगे जाकर पलट गई।
डीसीएम के पलटते ही डीसीएम सवार लोग निकलकर भाग गए, जबकि शाहिद निवासी अरनिया रौंदा बुलंदशहर को गो रक्षकों ने पकड़ लिया। पुलिस के हवाले कर दिया। सोमवार की सुबह को उस वक्त हल्ला मचा जब सुरेंद्र के खेत में एक युवक का शव मिला। गो रक्षकों द्वारा पकड़े गए शाहिद ने उसकी पहचान अपने ही गांव के मुन्ना के रूप में की।
पकड़े गए साथी ने की शिनाख्त
उसके मुताबिक वो उससे मामा का लड़का है। मुन्ना भी अरनिया रौंदा का ही रहने वाला है। उसके मुताबिक डीसीएम पलटने से वो गंभीर घायल हुआ था। पुलिस का कहना है कि शाहिद तो पहचान रहा है लेकिन पुलिस अपने स्तर पर शिनाख्त कराएगी। इस मामले में रिपोर्ट पवन राजपूत निवासी जनकपुरी ने कराई है।
पवन राजपूत ने रिपोर्ट में कहा है कि वो साथी राजबीर ठाकुर और सरजीत गुर्जर के साथ कार से कोसीकलां से शेरगढ़ होते हुए मथुरा आ रहे थे। झाड़ी वाले हनुमान मंदिर के पास एक डीसीएम दिखाई दी, जिसमें गाय लदी थीं।
गो तस्कर होने के शक में अपनी कार को आगे निकालकर डीसीएम को रुकवाने की कोशिश की तो डीसीएम ने कार में टक्कर मार दी और थोड़ा आगे जाकर पलट गई। डीसीएम में सात लोग थे जो निकलकर भाग गए। गो तस्करों ने पत्थर भी फेंके थे। गाड़ी पलटने में एक व्यक्ति घायल हो गया था जिसे हम लोगों ने पकड़ लिया था। पकड़े गए युवक ने अपना नाम शाहिद पुत्र कालिया बंजारा बताया।
मुकदमा दर्ज
एसएसपी बबूल कुमार ने बताया कि पवन राजपूत ने मुकदमा दर्ज कराया है। पवन का कहना है कि उसकी गाड़ी में भी टक्कर मारी गई थी। डीसीएम में कुछ लोग जानवर लेकर जा रहे थे। एक युवक को पकड़ा है। एक युवक मरा है उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्रा ने कहा कि गो तस्करों पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बल को चौकस कर दिया गया है। कोसीकलां थाना क्षेत्र में जो गोवंश के अवशेष मिले थे उस मामले में मुकदमा दर्ज हो गया है और पुलिस जांच कर रही है।
रात को इसी इलाके में मिले थे गोवंश के अवशेष
बता दें कि रविवार रात को शेरगढ़ के जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने से तनाव फैल गया था। बड़ी संख्या में ग्रामीणों भीड़ जुट गई थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान फायरिंग भी हुई। सूचना मिलते मौके पर पुलिस फोर्स पहुंच गया।
ग्रामीणों का कहना था कि शाम को सात बजे कुछ लोगों को देखा गया था जो गोवंश लेकर जा रहे थे। जब उन्हें टोका गया तो फायरिंग करने लगे। ग्रामीणों ने उन लोगों का पीछा किया तो शेरगढ़ के जंगल में गोवंश के अवशेष मिले।
रात को जहां गोवंश के अवशेष मिले, अगले ही दिन उसी क्षेत्र में युवक का शव मिला है। फिलहाल पुलिस युवक को गो तस्कर बता रही है। युवक की मौत हादसे में होना मान रही है।