आगरा के थाना एमएम गेट क्षेत्र के एसएन तिराहे पर बाइक टकराने को लेकर सोमवार रात विवाद हो गया। पिता-पुत्र ने मिलकर दूसरे बाइक सवार पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। युवक की तीन अंगुलियां काट दीं। इससे घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
मोती कटरा क्षेत्र के महादेव गली निवासी अंकित और रोहित कैटरिंग का काम करते हैं। अंकित के बड़े भाई विशाल ने बताया कि रात तकरीबन 8:30 कैटरिंग और घर का सामान लेने के लिए अंकित और मोहित नूरी दरवाजे जा रहे थे। इसी दौरान एसएन पुरानी इमरजेंसी बॉयज हॉस्टल तिकुनिया पर रॉग साइड से आ रहे युवकों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
धारदार हथियार से किया था हमला
टक्कर लगने से अंकित और मोहित गिर गए। इसके बाद जब अंकित ने गलत दिशा में बाइक चलाने का विरोध किया तो आरोपी गाली गलौज करने लगे। इतने में पीछे से उसका पिता धारदार लेकर दौड़ता हुआ आया और मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव में अंकित ने हाथ आगे किया, तो उसकी अंगुलियां कट गई।
सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर एक युवक को मौके से पकड़ लिया। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा दिया। एमएम गेट थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार अवस्थी ने बताया कि मामले में एक युवक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज जांच कर कार्रवाई की जाएगी।