उत्तर प्रदेश के आगरा में कमलानगर निवासी युवक ने जिला कारागार अधीक्षक, उप कारागार अधीक्षक, बंदी रक्षक व अन्य कर्मचारियों पर अवैध वसूली एवं आपराधिक षड्यंत्र का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कराने के लिए उन्होंने अदालत में प्रार्थनापत्र दाखिल किया, जिस पर सीजेएम अचल प्रताप सिंह ने थाना हरीपर्वत से आख्या के लिए 21 जून तय की है।
मामले के अनुसार कृष्णपाल सिंह चौहान ने सीजेएम की अदालत में प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किया था। आरोप लगाया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपी जेल भेजे जाते हैं। वहां विचाराधीन बंदियों से मशक्कत के नाम पर डरा धमकाकर जिला कारागार के अधिकारी एवं अधीनस्थ कर्मचारी उनसे अवैध वसूली करते हैं।
आरोप लगाया कि जो बंदी रुपये नहीं दे सकते हैं। उनसे अत्यधिक परिश्रम कराया जाता है। जिससे वह रुपये देने को मजबूर हो जाते हैं। वह परिजन को बुलाकर रुपये जमा करा देते हैं। इसके बाद बंदियों को राहत प्रदान की जाती है।
उन्होंने थानाध्यक्ष हरीपर्वत के साथ-साथ पुलिस आयुक्त को शिकायती पत्र प्रेषित किया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद सीजेएम की अदालत में प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किया।