मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव अरहन में शनिवार की सुबह सबमर्सिबल चलाने के दौरान एक युवक करंट की चपेट में आ गया। परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। लेकिन परिजन युवक को जीवित बताते हुए निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज सैफई लेकर चले गए।
एलाऊ क्षेत्र के गांव अरहन निवासी मोहित कुमार (25) शनिवार की सुबह खेत पर गया था। तभी वहां सिंचाई के लिए सबमर्सिबल से किसी तरह उसे करंट लग गया। करंट लगने के बाद युवक अचेत होकर गिर गया। आसपास खेत में काम कर रहे लोगों ने युवक को अचेत पड़ा देख परिजन को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजन आनन फानन उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन ने चिकित्सक की बात मानने से मना कर दिया। युवक को जीवित बताते हुए अपने निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज सैफई ले गए। शनिवार शाम को परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए शव को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे।