आगरा के बटेश्वर तीर्थ में नई केंटर गाड़ी का पूजन कराने आए मैनपुरी के एक परिवार पर सोमवार को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। तीर्थ स्थल पर खुशी-खुशी पहुंचे परिजनों की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब यमुना नदी में नहाते समय 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। गाड़ी का पूजन होने से पहले ही हुए इस हादसे से कोहराम मच गया। बिना किसी अनुष्ठान के ही परिजन शव लेकर वापस लौट गए।
मैनपुरी निवासी गाड़ी मालिक संजीव सोमवार को करीब दो दर्जन महिला-पुरुषों के साथ अपनी नई केंटर गाड़ी का पूजन कराने के लिए बटेश्वर आए थे। पूजन से पूर्व सभी ने यमुना में स्नान करने का फैसला किया। इस दौरान कुछ लोग स्टीमर से नदी के उस पार चले गए, जबकि कुछ ने घाट पर ही स्नान शुरू कर दिया। दोपहर करीब ढाई बजे थाना ओरछा के दलीपपुर निवासी सुरेश के 22 वर्षीय बेटे विकास का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। उसे डूबता देख घाट पर चीख-पुकार मच गई।