घूरकर देखने की शिकायत पर युवक को सरिये से पीटा
मोहल्ला कटरा में हुई घटना, पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। मोहल्ला कटरा में घूर कर देखने की मना करने पर मां-बेटी ने एक युवक को सरिये से पीटकर घायल कर दिया। आरोपी युवक के ही रिश्तेदार भी हैं। लोगों ने बीच बचाव कर झगड़ा शांत कराया। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा निवासी प्रशांत दुबे ने बताया कि 21 अप्रैल को घर के पास रहने वाली गीता मिश्रा और उनकी पुत्री शिवांगी मिश्रा दरवाजे से घूरती हुई निकलीं। गीता उसकी सगी मौसी हैं। जब उसने पूछा कि आप लोग क्यों घूर रहे हो, तो वह लोग गाली-गलौज करते हुए झगड़ा करने लगे। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। मौसी और मौसी की पुत्री ने अभद्रता करते हुए लोहे के पाइप से उसे पीटना शुरू कर दिया। पाइप सिर में मार दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जान से मारने की धमकी दी। लोगों ने बीच बचाव कर उसे बचाया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वारदात मामा के घर में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया। मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।