मथुरा के वृंदावन में बीते तीन दिन से यमुना नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने के चलते एक बार वृंदावन और मांट के बीच पांटून पुल को हटा दिया गया है। पांटून पुल के हटने के बाद वृंदावन मांट के बीच चलने वाले राहगीरों और किसानों को यमुना नदी पार करने को नावों का सहारा लेना पड़ रहा है।
पिछले कई दिनों से पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश के चलते अचानक यमुना में जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया। इसके चलते पांटून पुल की दोनों ओर पानी भर गया है, जिसके बाद पुल को हटा दिया गया है। क्षेत्रीय निवासी राजेश ने बताया कि यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण वृंदावन-मांट के बीच का रास्ता तय करने के लिए या तो लोगों को 16 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय कर पक्के पुल से होकर गुजरना पड़ रहा है या फिर नाव के सहारा लेना पड़ रहा है।
नवीन ने बताया कि सबसे अधिक वृंदावन को जाने वाले मजदूरों एवं दूधियों को दिक्कत हो रही है। वहीं, यमुना का जलस्तर बढ़ने से किनारे बनी कच्ची झोंपड़ियां पानी में डूब गईं। यमुना किनारे खेतों में भी पानी भर गया है।