यमुना एक्सप्रेसवे पर कोहरे का कहर जारी है। बुधवार रात को कोहरे के कारण आगरा से नोएडा की ओर जा रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित होने पर डिवाइडर से टकरा कर पलट गया। जिससे उसमें सवार चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। ट्रक (यूपी 81 बीटी 8970) धान लेकर आगरा से नोएडा की ओर जा रहा था।
मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 83 के समीप ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकरा कर पलट गया। उसमें भरे धान के बोरे सड़क पर बिखर गए और चालक केशव निवासी घनोरा थाना इगलास, रविंद्र और रमेश निवासी बिहार सहित चार घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे पुलिस और एक्सप्रेसवेकर्मियों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से पलटे ट्रक और सड़क पर बिखरे धान को हटवा दिया।