मथुरा। वृंदावन में अखिल भारतवार्षिय यादव महासभा के सम्मेलन को संबोधित करते प्रदेश अध्यक्ष जगदे?
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा का रविवार को गुरुकुल रोड स्थित श्रीकृष्ण साधक ट्रस्ट परिसर में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष जगदेव सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार में यादव समाज का उत्पीड़न किया जा रहा है। जानबूझकर समाज के लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है। उन्होंने आगरा की घटना को इंगित करते हुए कहा कि आगरा में पीड़ित परिवार के खिलाफ भी मामला दर्ज कराते हुए निर्दोष लोगों को जेल भेजा जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष जगदेव सिंह ने सजातीय बंधुओं को एकजुट होने की आवश्यकता जताई। कहा कि इन स्थितियों के खिलाफ यदि आवश्यकता पड़ेगी तो विधानसभा का घेराव भी किया जाएगा। उन्होंने किसान आंदोलन को यादव महासभा का समर्थन दिया। मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश यादव ने वर्तमान समय में समाज को एकजुट और शिक्षित होने की जरूरत बताई। महासचिव अशोक यादव एवं प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र यादव ने यादव महासभा के माध्यम से समाज में किए जा रहे कार्यों की चर्चा की। इसमें शिक्षा का प्रसार, दहेज विरोधी गतिविधियां शामिल हैं। प्रदेश महासचिव सूर्य पाल सिंह यादव एवं जयपाल सिंह ने भी समाज के एकजुट होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पार्षद पवन यादव, बृजेश यादव, गेंदा लाल यादव, विनोद यादव, नारायण यादव, पप्पन यादव, मंगल यादव आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन गया प्रसाद यादव और विजय यादव ने किया। प्रेम यादव, रवि यादव, मनोज यादव, दिनेश यादव, देवेंद्र यादव, मधु यादव आदि उपस्थित रहे।