वृंदावन (मथुरा)। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षित क्षेत्र गोविंददेव मंदिर अंतर्गत बहुचर्चित निर्माणाधीन भवन के निर्माणकर्ता पंकज बंसल और नीरज वार्ष्णेय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। यह रिपोर्ट निर्माणाधीन भवन पर पूर्व में लगाई गई सील को तोड़कर निर्माण शुरू करने पर हुई है।
प्राचीन गोविंददेव मंदिर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित है। इसके निकट और गांधी पार्क के सामने पूर्व भवन को तोड़ते हुए नवीन निर्माण शुरू किया गया था। इसके लिए संबंधित स्वामियों ने न तो भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की एनओसी ली और न ही मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा नक्शा की स्वीकृति कराई गई। इसकी अनेक शिकायतें विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन और कमिश्नर से भी की गईं। इस पर मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने नोटिस जारी करते हुए निर्माण रोकने के आदेश दिए। इसकी अवहेलना करने पर 16 जुलाई को निर्माणाधीन स्थल को सील कर दिया गया। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता राजेश्वर सिंह ने निर्माणकर्ता पंकज बंसल और नीरज वार्ष्णेय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।