आगरा। फाउंड्री नगर स्थित बाबा श्यामनाथ की बगीची में शुक्रवार को 100 वर्ष से अधिक पुरानी परंपरा के तहत दंगल का आयोजन हुआ। कई जिलों और विभिन्न राज्यों से आए पहलवानों ने दमखम दिखाया। मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग रात तक डटे रहे।
समिति की ओर से दंगल की शुरुआत दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। पहली कुश्ती एक लड्डू और 20 रुपये की इनामी राशि से हुई। इसके बाद मुकाबलों का रोमांच बढ़ता गया और इनामी राशि हजारों रुपये तक पहुंच गई। पहलवानों ने अपने दांव-पेच और ताकत का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुभाष बघेल और छोटू यादव रहे। आयोजन समिति के रंजीत बघेल, बंटी बघेल, रवि, जीतू बघेल, अनूप बघेल, दिनेश बघेल, हरिश्चंद्र बघेल और बलवीर सिंह बघेल ने भी व्यवस्था में सहभागिता की।