आगरा। आगरा क्लब में शुक्रवार को प्रथम आगरा क्लब खेल महोत्सव का आगाज हुआ। 14 अगस्त तक चलने वाले इस आयोजन का शुभारंभ फुटसल प्रतियोगिता कराकर किया गया। इसका उद्घाटन छावनी परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक मोहन ने किया।
पहले दिन आर्मी पब्लिक स्कूल, पीसीएफसी क्लब, हॉलर्स और स्मैश एफसी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। तीन दिवसीय फुटसल प्रतियोगिता 2 अगस्त तक चलेगी, जिसमें 16 टीमों को चार समूहों में बांटा गया है। लीग मुकाबले 1 और 2 अगस्त को होंगे। प्रत्येक समूह की शीर्ष टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी। 2 अगस्त को दोनों सेमीफाइनल, तीसरे स्थान का मुकाबला और शाम 6 बजे फाइनल खेला जाएगा।
आगरा क्लब परिसर, मॉल रोड में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि दीपक मोहन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। खेल निदेशक ग्रुप कैप्टन किंशुक कुमार, मानद सचिव राहुल पालीवाल और फुटसल संयोजक पवन मंगल ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में वित्त निदेशक आजाद भगत सिंह, मनोरंजन निदेशक कर्नल धर्मेंद्र यादव, विनय बंसल, सौरभ अग्रवाल, अनुराग शर्मा, विंग कमांडर अमरिंदर सिंह लेफ्टिनेंट कर्नल टीसी सिंह भी मौजूद रहे।
-
आज के प्रमुख मुकाबले
दोपहर 3 बजे डीसीएफसी बनाम फेमस फाइव, 3:40 बजे लास्ट मिनट यूनाइटेड बनाम टीआईएसए जीआरएफसी, 4:20 बजे द हॉलर्स बनाम सुपर स्ट्राइक, 5 बजे आर्मी पब्लिक स्कूल (एपीएस) आगरा बनाम सेक्युलर एफसी, 5:40 बजे आरबीएफसी बनाम टीआईएसए एफसी, 6:20 बजे कर्नल्स ब्राइटलैंड टीम-बी बनाम अनंत-11, 7:40 बजे टीआईएसए जीआरएफसी बनाम डीसीएफसी और रात 8:20 बजे फेमस फाइव बनाम लास्ट मिनट यूनाइटेड, जबकि रात 9 बजे सुपर स्ट्राइक बनाम सेक्युलर एफसी के बीच मुकाबले होंगे।
-