आगरा के मलपुरा क्षेत्र के अकोला चाहर बाटी निवासी युवा पहलवान गौरव पहलवान ने अपनी अद्भुत ताकत का प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर लोगों को हैरत में डाल दिया। सोमवार शाम करीब 5 बजे दक्षिणी बाईपास स्थित नगला कारे में आयोजित कार्यक्रम में गौरव पहलवान ने एक साथ आठ चार पहिया गाड़ियां खींच कर सबको हैरान कर दिया। इस अनोखे प्रदर्शन को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और पहलवान का उत्साहवर्धन किया।
गौरव पहलवान ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया हो। इससे पहले भी वह एक ट्रक, एक डंपर और पांच गाड़ियों को एक साथ खींच चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह लगातार अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं और भविष्य में इससे भी बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि वह पहले एक कार को खींचते हुए आगरा से वृंदावन तक पैदल यात्रा भी कर चुके हैं।
उनके लगातार किए जा रहे ऐसे साहसिक प्रदर्शन लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं और युवा वर्ग को मेहनत, अनुशासन एवं शारीरिक फिटनेस के प्रति प्रेरित कर रहे हैं। इस आयोजन का संचालन एवं व्यवस्था संतोष चाहर एवं बंगाली चाहर द्वारा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और समाज के गणमान्य लोगों ने गौरव पहलवान को साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर तथा आर्थिक सहयोग देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में सुमित चौधरी, पुन्ना चाहर, मनोज चाहर, राणा पहलवान, आलोक चाहर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और समाजसेवी मौजूद रहे।