प्रत्येक वर्ष दुनियाभर में पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरुकता पैदा करना है। आप और हम मिलकर पर्यावरण के पांच दुश्मनों को हराकर वातावरण को शुद्ध बना सकते हैं। पर्यावरण की सुरक्षा के लिए काम करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इसलिए आज के दिन हम सभी पर्यावरण की रक्षा की शपथ लें। अपने आसपास अधिक से अधिक पेड़ लगाएं। प्रदूषण को कम करने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। पर्यावरण जितना अच्छा रहेगा हम और आप भी उतने ही स्वस्थ रहेंगे।
वायु प्रदूषण पर्यावरण का सबसे बड़ा दुश्मन है। वायु प्रदूषण का प्रमुख कारण वाहनों की अधिकता है। सड़कों पर दौड़ने वाले अनफिट वाहनों से निकलने वाला धुआं भी प्रदूषण का कारण बन रहे हैं। वाहनों की समय-समय पर फिटनेस और प्रदूषण की जांच कराकर हम-आप इसे रोक सकते हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करके प्राण वायु को शुद्ध बनाने में अपनी भूमिका निभा सकते हैं।
कूड़ा और पराली से उठने वाला धुआं पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहा है। किसानों की जिम्मेदारी है कि वह पराली न जलाएं। शहर में पालिकाकर्मी ही कूड़े के ढेरों में आग लगा देते हैं। कूड़े के ढेरों से उठने वाला धुआं पर्यावरण को दूषित करता है। पालिका के सफाईकर्मियों और आमजन की जिम्मेदारी है कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए वह कूड़ा न जलाएं।