आगरा। थाना लोहामंडी क्षेत्र में गिलट के आभूषण की दुकान का कारीगर अपने साथी के साथ मिलकर चोरी कर रहा था। बृहस्पतिवार को दुकान स्वामी ने दोनों को तीन किलो वजन की पायल चोरी करते रंगे हाथ पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी दिनेश चंद वर्मा ने बताया कि उनकी दुकान श्री राजेश्वरी इंटरप्राइजेज लोहामंडी के पुल छिंगा क्षेत्र में है। दुकान पर कमल नामक युवक पिछले चार माह से माल पैकिंग का काम कर रहा था। माल चोरी की कई दिनों से शिकायत मिल रही थी। बृहस्पतिवार को कमल ने गिलट पायल का तीन किलोग्राम का पैकेट चोरी कर दुकान के जंगले से बाहर फेंक दिया। नीचे उसका साथी खन्ना पहले से मौजूद था। वह पैकेट उठाकर भागने लगा। उन्होंने अन्य लोगों की मदद से खन्ना को पकड़ लिया, जबकि कमल भी मौके पर पकड़ में आ गया। दोनों आरोपियों को थाना लोहामंडी पुलिस के हवाले कर दिया । एसीपी लोहामंडी गौरव कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।