भोगांव। गांव छाछा के पास बुधवार देर शाम किसी वाहन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
थाना क्षेत्र के गांव द्वारिकापुर निवासी 46 वर्षीय शिवराज सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। बुधवार को भी वह गांव छाछा मजदूरी के लिए गए थे। शाम को जब वह घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
पुत्र पवन कुमार कुछ रिश्तेदारों के साथ ढूंढता हुआ गांव छाछा के पास पहुंचा तो वहां शिवराज सिंह गंभीर घायल हालत में मिले। उन्हें लेकर वह लोग जिला अस्पताल जा रहे थे। तभी रास्ते में दम तोड़ दिया। पुत्र की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।