मैनपुरी। महिला क्रिकेट विश्व कप का फाइनल मैच रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के मध्य खेला गया। हाई वोल्टेज मैच के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। क्रिकेट प्रशंसक देर रात तक मैच देखने के लिए अपने टीवी और मोबाइल फोन से चिपके रहे। कई स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर सामूहिक रूप से मैच देखा गया। इससे पहले लोगों ने भारतीय महिला टीम की जीत के प्रार्थनाएं कीं।
30 अक्तूबर को खेले गए विश्वकप सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। भारत की इस जीत ने प्रशंसकों की उम्मीदों को काफी बढ़ाया है। रविवार को जैसे ही भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच शुरू हुआ। हर कोई अपने टीवी और मोबाइल फोन के सामने बैठ गया। पहले बल्लेबाजी करने वाली भारतीय टीम के प्रत्येक चौके और छक्कों पर प्रशंसक उत्साहित दिखाई दिए।
शहर के स्टेशन रोड, आगरा रोड, करहल रोड, सीताराम मार्केट, घंटाघर चौक, बड़ा चौराहा आदि स्थानों पर बड़ी स्क्रीन और टेलीविजन पर सामूहिक रुप से मैच देखने की व्यवस्था की गई थी। लोगों ने एकत्र होकर मैच देखा और भारतीय टीम की मेहनत और लगन की प्रशंसा की। ऐसा पहला मौका था जब लोगों में भारतीय पुरुष टीम के मैच की तरह ही महिला टीम के मैच के लिए उत्साह दिखाई दिया।
पूरे विश्वकप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन कर विरोधी टीमों को हराया है। भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर विश्व चैंपियन बनेंगे और देश का नाम रोशन हो सकेगा। - वैष्णवी, क्रिकेट खिलाड़ी
भारतीय महिला टीम ने जिस तरह से सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया। इसी तरह भारतीय टीम फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर इतिहास रचने जा रही है। पूरे देश की शुभकामनाएं देश की बेटियों के साथ हैं। - अवनी पाल, क्रिकेट खिलाड़ी
गर्व की बात है कि हमारे देश की महिलाएं इतनी आगे बढ़ रही हैं। महिलाओं के लिए विश्वकप का फाइनल मैच एक गौरवपूर्ण क्षण है। देश पूरी टीम के मेहनत के बल पर विश्व चैंपियन बनने जा रहा है। - गुंजन यादव, क्रिकेट प्रशंसक
-
भारतीय महिला क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम दोनों ने ही आज तक विश्व कप फाइनल नहीं जीता है। इस बार विश्व कप जीतकर भारतीय टीम नया चैंपियन बनेगा। - दीक्षा पांडेय, क्रिकेट प्रशंसक