आगरा। द्वितीय अमर शहीद राधेश्याम स्मृति महिला क्रिकेट प्रीमियर लीग का आगाज 9 जून को होगा। फतेहाबाद रोड के टीसा खेल मैदान पर होने वाली इस प्रतियोगिता में आगरा और आसपास के जिलों की महिला क्रिकेटर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
आयोजन सचिव मनोज कुशवाह ने बताया कि रंगीन किट और सफेद गेंद से खेले जाने वाले मुकाबलों में चार फ्रेंचाइजी टीमें खिताब जीतने के लिए आमने-सामने होंगी। लीग के दूसरे संस्करण में सभी आयु वर्ग की महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में केसीआई पैंथर्स, अतुल्य वॉयजेस, सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी और सीएसएफ स्पोर्ट्स की टीमें भाग लेंगी। लीग के सभी मुकाबले 35-35 ओवर के होंगे। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुकी महिला क्रिकेटरों की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र होगी। टीसा के प्रबंध निदेशक संजय कालरा ने बताया कि लीग का उद्घाटन मुकाबला अतुल्य वॉयजेस और केसीआई पैंथर्स के बीच खेला जाएगा।