आगरा। अमर शहीद राधेश्याम स्मृति महिला क्रिकेट प्रीमियर लीग का दूसरा संस्करण 4 जून को शुरू होने जा रहा है। फतेहाबाद रोड के टीसा खेल मैदान पर महिला क्रिकेटर रंगीन किट और सफेद गेंद के साथ मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात करती नजर आएंगी। लीग में चार फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।
आयोजन सचिव मनोज कुशवाहा ने बताया कि लीग में विभिन्न आयु वर्ग की महिला खिलाड़ी भाग लेंगी। प्रतियोगिता में केसीआई पैंथर्स, अतुल्य वॉयजेस, सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी और सीएसएफ स्पोर्ट्स की टीमें शामिल होंगी। आसपास जनपदों की कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला क्रिकेटर भी आएंगी। प्रत्येक मुकाबला 35 ओवर का होगा। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए भारतीय महिला क्रिकेट की खिलाड़ी हेमलता काला और पूनम यादव भी मैदान पर पहुंचेंगी। टीसा के प्रबंध निदेशक संजय कालरा ने बताया कि यह लीग प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मजबूत मंच साबित होगी।