ताजमहल के पूर्वी गेट पर महिला पर्यटकों के दल से चेकिंग के दौरान सीआईएसएफ कर्मियों के आईडी मांगने पर विवाद खड़ा हो गया। महिलाओं ने हंगामा कर दिया। पर्यटन थाने में सीआईएसएफ के कर्मियों पर अभद्रता का आरोप लगाया। मेडिकल भी कराया, लेकिन कई घंटे बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। महिला पर्यटकों ने शिकायत दर्ज नहीं कराई।
ताजमहल के पूर्वी गेट पर रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे आस्ट्रेलिया की पर्यटक सानिया मोईउद्दीन अपनी चार भारतीय महिला मित्रों के साथ पहुंची थीं। सानिया के पास विदेशी और चारों के पास भारतीय टिकट था, लेकिन यहां तैनात सीआईएसएफ कर्मियों को महिलाएं एनआरआई प्रतीत हुईं। उन्होंने आईडी दिखाने को कहा।
इस पर महिला पर्यटक सीआईएसएफ कर्मियों से भिड़ गईं। काफी तकरार हुई। इसके बाद सीआईएसएफ ने भी महिला कर्मचारियों को बुला लिया। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। पर्यटकों ने बदसलूकी का आरोप लगाकर हंगामा किया तो पर्यटन पुलिस सभी को थाने ले आई।