खेत पर काम कर रही महिला से छेड़छाड़, कपड़े फाड़े
- विरोध करने पर परिजन को पीटा, एलाऊ क्षेत्र में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र के एक गांव में खेत पर काम कर रही एक महिला के साथ आरोपियों ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर कपड़े फाड़ दिए। बचाने आए परिजन को लाठी डंडों से पीटकर घायल कर दिया। रसूखदार जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
एलाऊ क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि 2 नवंबर को वह खेत पर काम कर रही थीं। तभी राहुल, भूपाल सिंह, नीलेश, रामनरेश, अश्विनी कुमार लाठी-डंडे और फावड़ा लेकर वहां आए और गाली गलौज करने लगे। राहुल ने उनके साथ छेड़छाड़ की और उनके कपड़े फाड़ दिए। चीख पुकार सुनकर जब पति, जेठ, देवर व गांव के अन्य लोग बचाने के लिए आए तो रसूखदारों ने उन्हें लाठी-डंंडे और फावड़े से पीटना शुरू कर दिया। आरोपी घर की छत पर चढ़ गए और वहां मौजूद देवरानी को भी पीटा। इस दौरान देवरानी के कुंडल भी कहीं गिर गए। ग्रामीणों को एकत्र होता देख आरोपियों ने धमकी दी कि अगर शिकायत की तो जान से मार देंगे। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार भयभीत है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।