फिरोजाबाद के टूंडला क्षेत्र में दहेज लोभियों की हैवानियत सामने आई है। यहां ससुराल वालों ने दहेज के लिए विवाहिता से न सिर्फ मारपीट की बल्कि हाथ-पैर बांधकर उसे कड़ी धूप डाल दिया। चार दिन तक उसे यातनाएं दी गईं। सूचना पाकर पहुंचे मायके वालों ने विवाहिता को मुक्त कराया। पीड़िता ने ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना नारखी के गांव नगला सिकंदर निवासी सरमन सिंह ने अपनी बेटी पूजा की शादी सात साल पहले थाना टूंडला क्षेत्र के गांव नगला सोना निवासी रवि पुत्र समर सिंह के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद रवि पत्नी पूजा के साथ आगरा के नगला बुढ़ी में किराये के मकान में रहने लगा।
कुछ समय तक सबकुछ ठीक-ठाक रहा, लेकिन बाद में रवि आए दिन शराब के नशे में घर आने लगा और पूजा के साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज में बाइक और 50 हजार रुपये लाने को पूजा पर दबाव बनाने लगे। जब उसने इंकार किया तो ससुराल वाले उसे और प्रताड़ित करने लगे।