उधार चुकाने के बाद भी महिला को दी गई धमकी
- आरोपी मांग रहा 80 हजार, पीड़िता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। गांव भिड़ौरा निवासी एक महिला के पुत्र ने नामजद से रुपये उधार लिए थे। उधार चुकाने के बाद भी नामजद अब 80 हजार रुपये की मांग कर रहा है। रुपये न देने पर महिला को जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव भिड़ौरा निवासी जहूरन बेगम ने बताया कि पुत्र शौकीन अली ने राजवीर उर्फ चंगो निवासी नगला बाग से कुछ समय पहले 10 हजार रुपये उधार लिए थे। धीरे-धीरे कर पुत्र ने उधार लिए गए रुपये वापस लौटा दिए। लेकिन अब नामजद बेवजह परेशान कर रहा है। वह पुत्र से 80 हजार रुपये की मांग की जा रही है। जब जहूरन ने रुपये देने से मना कर दिया तो आरोपी मारपीट पर उतारू हो गया। महिला और पुत्र को जान से मारने की धमकी दी है। धमकी के बाद डरी सहमी महिला ने थाने पहुंच कर तहरीर दी। पुलिस को बताया कि उधार चुकाने के बाद भी उन्हें परेशान किया जा रहा है। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।