मथुरा में वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित कॉलोनी निवासी एक महिला ने संत देव मुरारी बापू सहित तीन नामजद व दो अज्ञात लोगों पर छेड़छाड़ गाली-गलौज जान से मारने की धमकी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। साथ ही उसने दस लाख रुपये चौथ वसूली का आरोप भी लगाया है।
ये लगाए आरोप
पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि तीन अक्तूबर को वह अपने घर से स्कूटी से जा रही थी। कुछ दूर पहुंचते ही देव मुरारी बापू के घर के सामने बने ऊंचे-ऊंचे ब्रेकर से स्कूटी असंतुलित होकर गिर गई। उन्होंने स्पीड ब्रेकर को गलत बताते हुए लोगों के गिरने की बात कही तो आरोपी उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे तथा गलत तरीके से धक्का भी दिया। पीड़िता का आरोप है कि सौरभ गौतम और गौरव गौतम निवासी किशोरपुरा पर उनके 35 लाख रुपये हैं। इसको लेकर अदालत में केस चल रहा है। कुछ दिन पूर्व देव मुरारी बापू, सौरभ, गौरव व दो अन्य लोगों को लेकर उनके घर पहुंचे। गाली गलौज करते हुए असलहा निकालकर रुपये के लेनदेन के मामले में चल रहे मुकदमे को वापस लेने की कहते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी और 10 लाख रुपये की चौथ भी मांगी।
कोतवाली में दर्ज कराया मुकदमा
पीड़िता का आरोप है कि तीन दिन पूर्व इन लोगों ने उनके पीछे एक चार पहिया गाड़ी को लगा दिया। इसमें कई लोग सवार थे। उन्होंने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी है। इस संबंध में उन्होंने संत देव मुरारी बापू, गौरव एवं सौरभ व दो अन्य के खिलाफ कोतवाली में नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी अजय कौशल ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी डॉ.गौरव ग्रोवर ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।