दयालबाग में बृहस्पतिवार दोपहर 70 साल की बुजुर्ग महिला ने गड्ढे में बैठकर इन्हें भरवाने और सड़क निर्माण की मांग उठाई। रोशनबाग, आरके पुरम क्षेत्र के लोगों के साथ बुजुर्ग महिला विरमा देवी ने सड़क पर गड्ढे में बैठकर सड़क निर्माण न होने पर प्रदर्शन किया।
विरमा देवी ने कहा कि दस साल से सड़क का निर्माण नहीं हुआ। बार-बार सीवर लाइन धंस जाने और पानी आदि की पाइपलाइनों के लिए खोदाई के कारण जगह-जगह जो गड्ढे हो गए, वह भरे नहीं गए। पूरी सड़क गड्ढों में समा चुकी है लेकिन नगर निगम ने निर्माण नहीं कराया। घर से बाहर निकलने में ऊबड़ खाबड़ सड़क पर चलकर कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। रामवीर सिंह, सौरभ चौधरी ने कहा कि अगर दो दिन में सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो नए साल के पहले दिन से भूख हड़ताल करेंगे।
राजू सिसौदिया, अर्जुन सिंह चाहर, बृजेश सिंह, राजन सिंह, हेम यादव, ओम प्रकाश बघेल, दामोदर त्यागी, चौ. रामवीर सिंह, सौरभ चौधरी, सावित्री चाहर, विनीता त्यागी, कमल कांति श्रीवास्तव, शिवदत्ता पचौरी आदि मौजूद रहे। विरमा देवी से पहले धनौली में नाले के अधूरे निर्माण के विरोध में बुजुर्ग महिला और पुरुषों ने भू समाधि लेने का प्रयास किया था।