मृतका बेबी का फोटो, घर के बाहर खड़े लोग
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद के टूंडला में एक महिला की गोली मार हत्या कर दी गई। उसका शव रसोई में खून से लथपथ पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हत्या का आरोप महिला के बेटे पर लगा है।
बुधवार को तेल मिलरोड स्थित इंदिरा कालोनी निवासी रमेशचंद्र सेवानिवृत्त दरोगा के मकान से अचानक गोली चलने की आवाज आई। लोग घरों से निकल आए। घर की रसोई में महिला बेबी मृत पड़ी थी, उसके सिर में गोली मारी गई थी। उसका बेटा आदित्य रो रहा था।
मौके पर पहुंचे एसएसपी सचिन्द्र पटेल, एसपी सिटी राजेश कुमार, सीओ संजय वर्मा व फिंगर एक्सपर्ट टीम पहुंची। बेटे आदित्य से पुलिस ने जब पूछा घर कौन आया था तो उसने भैया यानी गुलशन के आने की बात कही। वहीं पड़ोसियों ने भी गुलशन के वहां आते रहने की बात कही।
नौ साल पहले की थी पति की हत्या
घटना के संबंध में जानकारी लेते एसएसपी सचिंद्र पटेल
- फोटो : अमर उजाला
बेबी कठेरिया के 10 वर्ष पूर्व रेलवे कॉलोनी में रहने वाले युवक विजेन्द्र सिंह उर्फ गुड्डा जाट से प्रेम संबंध थे। लेकिन उसका पति रेलकर्मी रामवीर बाधक बना हुआ था। इसके चलते बेबी ने तीन अक्टूबर 2009 की रात में प्रेमी विजेन्द्र व उसके साथी शाहिद के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी।
इस मामले में बेबी के बड़े पुत्र गुलशन, हिमांशु ने तत्कालीन एसपी रघुवीर लाल के सामने उस समय घटना का खुलासा करते हुए पिता की हत्या का राज खोला था। मामले में आरोपी बेबी, विजेंद्र सिंह व शाहिद को जेल हुई थी।
जेल से आने के बाद बेबी और उसके प्रेमी ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। उनका एक पांच साल का बेटा आदित्य है। लेकिन कुछ समय से बेबी और विजेंद्र में भी अनबन चल रही है। विजेंद्र उससे अलग आगरा में रह रहा है।
सहमति-पत्र पर हस्ताक्षर नहीं कर रही थी बेबी
बेबी टूंडला में किराए के मकान में रहते हुए पति की पेंशन से गुजारा कर रही थी। पहले पति से हुए बेटे गुलशन के बड़े होने पर पिता की जगह उसे नौकरी मिलने का मामला भी तय हुआ था। बाद में जब गुलशन की नौकरी लगी तो बेबी की पेंशन खत्म हो गई इस पर सहमति पत्र लगना था।
बेबी सहमति-पत्र पर हस्ताक्षर नहीं कर रही थी। इसी मामले में गुलशन चार-पांच बार बेबी के पास आया था। वहीं, एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला की हत्या के दौरान मिले साक्ष्यों के मुताबिक प्रथम दृष्टया उसकी हत्या उसके ही बेटे गुलशन ने की है। उसकी तलाश की जा रही है।