थाना सैंया के खेरागढ़ सैंया मार्ग पर लोकेन्द्र अपनी पत्नी सोमवती व तीन बच्चों के साथ रहता था। लोकेन्द्र की शादी 18 वर्ष पूर्व इरादतनगर से हुई थी। लोकेन्द्र मजदूरी करके परिवार का पालन- पोषण करता था। लोकेन्द्र की पत्नी सोमवती की पड़ोस में रहने बाले महेश से दोस्ती हो गई। जिसके बाद महेश का घर पर आना-जाना लगा रहा। लोकेन्द्र को महेश का घर आना-जाना रास नहीं था तो आए दिन घर में क्लेश होने लगा। सोमवती ने महेश के साथ मिल कर लोकेन्द्र को मारने की साजिश रची।
बुधवार सुबह 11 बजे लोकेन्द्र रोज की तरह घर से निकला था। उसके बाद महेश सोमवती से मिलने घर पहुंचा और उसके पति की हत्या करने की साजिश रची। इसके बाद महेश व उसके साथी धर्मवीर ने लोकेन्द्र को बुलाया। उसके बाद तीनों लोग आगरा-ग्वालियर हाईवे स्थित बजरंग धाम कॉलोनी के पीछे खेतों पर शराब पीने गए।
जहां शराब पिलाने के बाद महेश व धर्मवीर ने लोकेन्द्र को मार डाला और शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद वह वहां से भाग गए। हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। मृतक के हाथ पर पत्नी सोमवती का नाम लिखा था। जिससे गुरुवार को मृतक के भाई शिवचरण ने मृतक की शिनाख्त लोकेन्द्र के रूप में की।
पुलिस ने बताया कि मृतक के भाई शिवचरण की तहरीर के आधार प्रेमी महेश व उसके साथी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही मृतक की पत्नी सोनदेवी को हत्या में शामिल होने पर गिरफ्तार किया गया है। सभी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।