अभी तक ट्रेन में प्रसव होने की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन गुरुवार को एक महिला ने बस में बच्ची को जन्म दिया। गर्भवती महिला पति और सास के साथ जयपुर से टूंडला आ रही थी। परिवारीजनों ने महिला को सीएचसी पर भर्ती कराया है।
थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव ठार बंजारा निवासी रामप्रकाश जयपुर में चूड़ी, बिछिया और पायल बेचने का काम करता है। कुछ दिनों पहले वह गांव से पत्नी पूजा और मां प्रेमवती को भी जयपुर अपने पास ले गया था।
गुरुवार को वह जयपुर से टूंडला के लिए बस में सवार हुए थे। सास का कहना है कि बहू को प्रसव पीड़ा फतेहपुर सीकरी से होना शुरू हो गई थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हाईवे स्थित एफएच मेडिकल कॉलेज के सामने चलती बस में महिला ने बच्ची को जन्म दिया।
इस दौरान बस में सवार अन्य महिलाओं ने प्रसव कराया। बच्चे के होते ही बस में महिलाओं ने गीत-संगीत गाना शुरू कर दिया। लोगों की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर भर्ती कराया गया। जहां महिला और बच्चे की देखरेख की जा रही है। चिकित्सकों के मुताबिक जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।