आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र के विद्या नगर में रविवार को एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की सही वजह पता चल सकेगी।
मूलरूप से मथुरा के थाना बल्देव स्थित गांव कचनऊ निवासी मुकेश की शादी 20 साल पहले जलेसर निवासी पुष्पा से हुई थी। मुकेश मजदूरी करता है। वह विद्या नगर में चरण के मकान में किराये पर रह रहे थे। मुकेश का बड़ा भाई राजपाल भी साथ ही रहता है।
मुकेश ने पुलिस को बताया कि वह सुबह 9:30 बजे अस्पताल में भर्ती अपनी भतीजी को देखने गया था। शाम को लौटकर आया तो पुष्पा चारपाई पर पड़ी थी। उसकी जीभ बाहर निकली थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक उदयवीर मलिक ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि घर में कोई नहीं था। पुष्पा अकेली थी। उसके बच्चे नहीं थे। महिला के शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पति और जेठ से पूछताछ की जा रही है।