आगरा-कानपुर हाईवे पर एत्मादपुर कस्बे में बरहन तिराहे पर सोमवार को टूंडला से आगरा जा रहे बाइक सबार देवर-भाभी को पीछे से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। सड़क पर गिरी महिला को कुचलता हुआ डंपर निकल गया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन के आने से पहले ही पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इससे गुस्साए परिजन ने हंगामा कर हाईवे जाम कर दिया। पुलिस और परिजन के बीच काफी नोकझोंक भी हुई। एसीपी ने लोगों को समझाकर शांत किया। इससे करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
फिरोजाबाद, थाना पचोखरा के गांव मरसेना निवासी नरेश कुमार ने थाने में तहरीर दी। पुलिस को बताया कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी भाभी रूपा देवी (38) पत्नी धर्मेंद्र को लेकर बाइक से रिश्तेदारी में ककुआ, आगरा जा रहे थे। बरहन तिराहे के पास पीछे से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में रूपा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आननफानन में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।