आगरा। थाना एत्माद्दौला के मंडी समिति स्थित कानन वन कॉलोनी में दो मंजिला मकान की छत से शनिवार रात को 12:30 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता सोनी सिंघल (35) गिर गईं। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव शर्मा ने बताया कि सोनी सिंघल का मायका मुंबई में हैं। उनकी शादी 13 साल पहले कॉलोनी के निवासी लक्ष्मण सिंघल उर्फ धर्मेश के साथ हुई थी। उनके तीन बच्चे 12 साल की आसी, नौ साल की गोलू और बेटा चार साल का किसू है। लक्ष्मण एक निजी कंपनी में एकाउंटेंट हैं। शनिवार रात को एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि सोनी सिंघल छत से गिर गईं हैं। पति उन्हें अस्पताल ले गए, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस की पूछताछ में पति ने बताया कि उनका दो मंजिला मकान है। सोनी रात में मकान की छत पर गई थीं। कुछ देर बाद उनके गिरने की आवाज आई। परिजन घर से बाहर निकले। सोनी घर के बाहर पड़ी हुई थीं। उन्हें अस्पताल ले गए।
सीओ छत्ता दीक्षा सिंह ने बताया कि मामले में मृतका के पति और बेटियों से पूछताछ की गई लेकिन वह घटना के बारे में कुछ नहीं बता सके। इस पर घटनास्थल को देखा गया। फोरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाकर भी जांच कराई। मृतका के परिजनों को सूचना दी गई। वह रविवार दोपहर को आगरा पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। अभी तक कोई आरोप नहीं लगाया गया है। तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।