आगरा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दाैरे के दाैरान ट्रैफिक रोकने पर एक महिला ने हंगामा कर दिया। महिला ने रक्षा मंत्री के काफिले के सामने आने का भी प्रयास किया। पुलिस ने किसी तरह महिला को रोका। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को आगरा के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। इस दाैरान उन्होंने खंदारी स्थित आरबीएस कॉलेज में आयोजित खटीक समाज गर्जना सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। रक्षा मंत्री के काफिले के गुजरने के दाैरान पुलिस की ओर से इस रूट पर ट्रैफिक को रोक दिया गया था।
इस दाैरान एक स्थानीय महिला ने ट्रैफिक रोकने पर आक्रोश जताया। इस दाैरान उनकी पुलिसकर्मी से नोकझोंक भी हुई। तभी गुजर रहे रक्षा मंत्री के काफिले के सामने आने का भी महिला ने प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह महिला को रोका।
महिला ने हंगामा करते हुए कहा कि जनता को घंटों रोकने का क्या मतलब। वो वीडियो में बोलती दिख रहीं हैं कि 'ये वीआईपी बनते हैं हमारे वोट से, हमें ही असुविधा करते हैं, इनके मूवमेंट के लिए हम एक-एक घंटे अपने घरों में बंद रहेंगे'। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।