मैनपुरी। दहेज की मांग पूरी नहीं होनेे पर शादी के पांच साल बाद एक महिला को पति ने मासूम बच्चों सहित घर से निकाल दिया। महिला के मायके वालों द्वारा की गई पंचायत के बाद भी बात नहीं बनने पर पीड़िता ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में शिकायत की। प्राधिकरण सचिव ने शिकायत की सुनवाई करने के बाद मामले को अपर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय में भेज दिया है। सुनवाई के लिए 25 जून की तारीख तय कर दी गई है।
थाना बिछवां के नगला बलू के रहने वाले श्यामवीर की पुत्री नीलम की शादी सामूहिक विवाह योजना के तहत 31 अगस्त 2019 को नुमाइश मैदान में अधिकारियों की मौजूदगी में रामनरेश पुत्र रामअवतार निवासी बोर्रा खुर्द पोदरी थाना अवागढ़ जिला एटा के साथ हुई थी। नीलम के एक पुत्री वर्षा तीन साल की तथा एक पुत्र राजवीर तीन महीने का है। शादी के बाद दहेज में मोटर साइकिल और दो लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर सात मई 2024 को नीलम को पति ने मारपीट करके मासूम बच्चों सहित घर से निकाल दिया।
नीलम के पिता ने दो बार पंचायत की लेकिन ससुराल के लोग दहेज की मांग पर अड़े रहे। नीलम ने पति से भरण पोषण दिलाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में शिकायत की। प्राधिकरण के सचिव कमल सिंह अपर जिला जज ने शिकायत की सुनवाई की। शिकायत के साथ जमा किए गए अभिलेखों के आधार पर मामले को अपर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय में भेज दिया है। अपर प्रधान न्यायाधीश के न्यायालय में सुनवाई के लिए 25 जून की तारीख तय कर दी गई है।