महिला को घर में घुसकर पीटा, युवतियों से छेड़छाड़
- कोतवाली क्षेत्र में हुई वारदात, पीड़िता ने एसपी से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात नामजद लोग एक महिला के घर में घुस गए। उसे लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। घर में मौजूद तीन युवतियों के साथ अश्लील हरकत करते हुए छेड़छाड़ की। सूचना पर यूपी 112 के कर्मी गांव पहुंचे। तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे। पीड़ित महिला की ओर से एसपी को प्रार्थना पत्र दिया गया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र में अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं। रविवार की रात मोहल्ला सोतियाना, पीपरा घाट रोड निवासी नामजद लोग एक गांव निवासी महिला के घर में घुस गए। आरोपियों ने लाठी-डंडे से महिला को पीटना शुरू कर दिया। जब उसकी तीन ननद बचाने के लिए आईं तो आरोपियों ने उनके साथ अश्लील हरकत करते हुए छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने के बाद यूपी 112 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। लेकिन तब तक सभी आरोपी वहां से भाग चुके थे। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति बाहर रह कर नौकरी करते हैं। वह सास ससुर और ननदों के साथ गांव स्थित घर में रहती है। आरोपी धमकी देकर गए हैं कि इस बार तो बच गई। अगली बार ऐसा हाल करेंगे कि किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं रहेगी। कोतवाली में शिकायत पर सुनवाई न होने के बाद पीड़िता ने एसपी कार्यालय पहुंच कर शिकायती पत्र दिया। मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है।