बासौनी थाना क्षेत्र के लखनपुरा गांव में हुई किसान अतिराज बघेल (42) की हत्या का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया। इसके अनुसार मृतक की पत्नी शिखा ने पड़ोस में रहने वाले उसके प्रेमी ऋषिकेश और उसके दोस्त सुशील उर्फ भूरा निवासी खोड़ के साथ मिलकर हत्या की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) बाह प्रदीप कुमार ने बताया कि रविवार रात कार में सीट बेल्ट और मफलर से गला दबाकर हत्या कर गांव के किनारे शव फेंका था। हत्या में मृतक के पुत्र ने गांव की ही महिला राधा, उसके देवर फौरन सिंह और भाई को नामजद कराया था। पुलिस के खुलासे से तीनों निर्दोष जेल जाने से बच गए। खुलासे पर एसएसपी बबलू कुमार ने पुलिस टीम के लिए इनाम के साथ प्रशस्तिपत्र देने की घोषणा की है।
सोमवार को लखनपुरा गांव में किसान अतिराज बघेल का शव मिला था। बासौनी पुलिस ने मामले की छानबीन की तो चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं। पुलिस के मुताबिक अतिराज बघेल की पत्नी शिखा का पड़ोसी ऋषिकेश से करीब एक साल से संबंध थे। ऋषिकेश शिखा को अपने साथ दिल्ली ले जाना चाहता था। जिसमें अतिराज बाधा बना हुआ था।