आगरा में एक महिला ने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त से शिकायत की है। महिला का आरोप है कि पति ने भाई से संबंध बनाने का दबाव डाला और विरोध करने पर मारपीट कर उसे ट्रेन से मायके भेज दिया।
एक मां ने अपनी बेटी के भविष्य को संवारने के लिए सारी जमापूंजी लगा दी लेकिन उसे क्या पता था कि जिस घर में वह अपनी लाडली को भेज रही है, वहां उसका जीवन किसी पीड़ा से कम नहीं होगा। कानपुर के एक एयरफोर्स कर्मी पर उसकी पत्नी ने गंभीर और असहनीय प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पुलिस आयुक्त से गुहार लगाने के बाद अब महिला थाने में पति, सास और दो देवरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
विज्ञापन
दयालबाग क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि उन्होंने अपनी सबसे छोटी बेटी की शादी कानपुर के जाजमऊ निवासी युवक से तय की थी। युवक दिल्ली में एयरफोर्स में कार्यरत था। परिवार ने अपनी सामर्थ्य से बढ़कर 25 जनवरी 2023 को यह शादी की और करीब 40 लाख रुपये तक खर्च किए।लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही बेटी ने अपनी बहनों को बताया कि उसका पति शारीरिक रूप से कमजोर है और रिश्ते को निभाने में असमर्थ है। जब इस बारे में ससुराल पक्ष से बात की गई तो सास ने कार न मिलने का ताना देकर बात टाल दी।
हद तो तब... जब भाई के लिए डाला दबाव
मामले को सुलझाने के लिए पंचायत हुई, जिसके बाद 24 जनवरी को बेटी को दिल्ली में पति के किराए के घर भेजा गया। आरोप है कि वहां पति ने बेडरूम में कैमरे लगवा दिए, जिसका लाइव सास अपने मोबाइल पर देखा करती थी। हद तब हो गई जब पत्नी ने इसका विरोध किया और पति से बात की। आरोप है कि पति ने अपनी कमजोरी स्वीकार करते हुए अपने भाई से संबंध बनाने का दबाव डाला। जब बेटी ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे ट्रेन में बैठाकर वापस मायके भेज दिया गया। इतना ही नहीं, ससुराल पक्ष की ओर से तलाक का नोटिस भी भिजवा दिया गया।
मां ने लगाई पुलिस आयुक्त से गुहार
टूटे हुए दिल और अपनी बेटी के उजड़ते जीवन को देख मां ने हिम्मत जुटाई और पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के सामने पेश होकर न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने आरोपी दामाद के मेडिकल परीक्षण की भी मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने महिला थाने को जांच के आदेश दिए।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर महिला के पति, उसकी सास और दोनों देवरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस विवेचना कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।