भरतपुर में हुए हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे घरवाले
- फोटो : अमर उजाला
भरतपुर में बहनेरा के पास मंगलवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों शादी समारोह में शामिल होने के लिए भरतपुर जा रहे थे। मृतकों में एक आगरा के सिकंदरा और दूसरा फिरोजाबाद क्षेत्र का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया कि युवक आगरा से भरतपुर आ रहे थे। बहनेरा के पास उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के चश्मदीद और दोस्त श्याम ने बताया कि हादसे में सिकंदरा निवासी निशु कटारा (27) और फिरोजाबाद के जहरोली निवासी आकाश चौहान (27) की मौके पर ही मौत हो गई।
तीसरा साथी विनय गंभीर रूप से घायल है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया। पुलिस ने दोनों के शवों को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। दोनों के परिजन को सूचना दी गई है। थाना पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर आगरा में मृतक के घर चीख-पुकार मच गई।