मथुरा के जैंत थाना क्षेत्र के चौमुहां की एक महिला ने शुक्रवार को ट्रेन से कटकर जान दे दी। पति की दो दिन पूर्व बीमारी से मौत हुई थी। पति की मौत के बाद से वो काफी परेशान थी। पति की तस्वीर सीने से लगाकर बिलखती रही। इसके बाद वो चुपके से घर से निकल गई और ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
अलीगढ़ के खैर थाना क्षेत्र के गांव विष्णुपुरी इलाके की आरती (27) की शादी पांच साल पहले चौमुहां निवासी उमाशंकर के साथ हुई थी। कुछ दिन पहले उमाशंकर का आगरा में अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ। इसके बाद वह रिकवरी नहीं कर पाए और दो दिन पूर्व उनकी मौत हो गई। पति की मौत के सदमे को आरती सहन नहीं कर सकी। दामाद की मौत से सदमे में आई बेटी संभालने के लिए आरती की मां भी उनके साथ रह रही थी।
शुक्रवार तड़के आरती बिना किसी को बताए घर से निकल गई। सुबह 6 बजे करीब पुलिस को बढ़ौता मार्ग के पास आगरा-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा होने की सूचना मिली। इंस्पेक्टर जैंत अश्वनी कुमार ने बताया कि मौके पर जाकर जांच की तो मृतक की पहचान आरती के रूप में हुई। उसके परिजनों को बुलाया गया।
परिवार के लोगों ने जैसे ही आरती की लाश देखी तो उनके होश उड़ गए। परिवार के लोगों ने बताया कि पति की मौत का गम वो बर्दाश्त नहीं कर सकी। पति की तस्वीर को गले लगाकर काफी समय तक रोती रही। फिर चुपके से वो घर से निकल आई और ये आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।