मैनपुरी। मोहल्ला बाग वृंदावन में 200 रुपये देने से मना करने पर आरोपियों ने एक संग्रह सेवक को लाठी डंडे से पीटकर घायल कर दिया। जातिसूचक गालियां देकर अपमानित किया। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला बाग वृंदावन निवासी अनुसूचित जाति के रामकरन तहसील में संग्रह सेवक के पद पर कार्यरत हैं। बताया कि 19 सितंबर की शाम श्रीकिशन नगला निवासी शेखर यादव, प्रिंस निवासी नगला कुरियन, ईशू, रिशभ के साथ दरवाजा तोड़कर घर में घुस आए। आते ही इन लोगों ने जातिसूचक गालियां देना शुरू कर दिया। आरोपी ने उनसे 200 रुपये की मांंग की, जब मना किया तो आरोपी और उसके साथियों ने लाठी डंडे से पीटना शुरू कर दिया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों को एकत्र होता देख आरोपी धमकी देकर भाग गए। धमकी मिलने के बाद संग्रह सेवक दहशत में आ गया। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।