आगरा में बस में एक बैग में मिले नकदी, मोबाइल व जेवर संबंधित यात्री को लौटाकर परिचालक ने ईमानदारी का परिचय दिया। फाउंड्री नगर डिपो की बस संख्या यूपी 85 एकएफ 9116 बेवर से बिजलीघर बस स्टेशन पहुंची। परिचालक नवीन पचौरी को बस की चेकिंग करते समय एक बैग मिला।
बैग में 55 हजार रुपये नगद, एक मोबाइल, चांदी की पाजेब और अन्य सामान था। मोबाइल के माध्यम से यात्री से संपर्क किया गया। बैग मदरपुर कन्नौज निवासी सरोज चौहान का था। यह बेवर से मैनपुरी की यात्रा के दौरान बस में छूट गया।
परिचालक ने बैग को स्टेशन प्रभारी प्रमोद श्रीवास्तव और पुलिसकर्मी आमिर खान के हवाले कर दिया। महिला यात्री ने बस स्टेशन पर आकर बैग वापस लिया और परिचालक का धन्यवाद दिया।