दिहुली में शादी की खुशियां मातम में हुई तब्दील
-हादसे में दूल्हे के भाई और भतीजी की मौत के बाद छाया मातम
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना बरनाहल क्षेत्र के गांव दिहुली में शादी की खुशियां इटावा में हुए एक हादसे के बाद चीख पुकार में तब्दील हो गईं। मृतक के भाई की सोमवार को बरात जानी है। वहीं हादसे में दूल्हे के भाई और भतीजी की मौत से मातम छा गया है। शनिवार को लोग मृतक के घर सांत्वना देने पहुंचे। परिजन व रिश्तेदार शव लेने के लिए औरेया गए हुए हैं।
गांव दिहुली निवासी रियाजुददीन के घर में शनिवार को छोटे भाई की शादी की तैयारियां चल रहीं थीं। घर में रिश्तेदार एकत्र थे। हंसी खुशी का माहौल था। इस बीच दोपहर के समय सूचना मिली कि दूल्हे का भाई रियाजुददीन जसवंत नगर क्षेत्र में आगरा कानपुर नेशनल हाइवे पर सड़क हादसे का शिकार हो गया है। हादसे में रियाजुददीन, दो साल की पुत्री गुनगुन की मौत हो गई है। वहीं पत्नी शमा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही शादी वाले घर से खुशियां काफूर हो गईं। परिजन व रिश्तेदारों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। हादसे की खबर मिलते ही छोटा भाई सिराज व अन्य परिजन शव लेने के लिए इटावा के लिए रवाना हो गए। हादसे की खबर मिलने के बाद लोग मृतक के घर सांत्वना देने के लिए पहुंच रहे हैं।