850 मतदान केंद्रों की प्रशासन कराएगा वेबकास्टिंग
फर्जी मतदान पर नकेल के लिए किए जा रहे हर संभव प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। सात मई को होने जा रहे लोकसभा के मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर जिले के 850 मतदान केंद्रों पर वेबकॉस्टिंग का निर्णय लिया गया है। साथ ही मतदान संबंधी अन्य निर्देशों के पालन के लिए पूर्वाभ्यास कराया जा रहा है।
लोकसभा निर्वाचन-2024 के तहत मैनपुरी जनपद के चार विधानसभा क्षेत्रों में 850 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की सुविधा प्रदान की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर सेक्टर मजिस्ट्रेटों द्वारा लगातार पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सहायक रिटर्निंग अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों को पोलिंग बूथ में निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुसार सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के लिए आदेश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह के द्वारा मतदान प्रक्रिया के बेहतर प्रबंधन के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्वाभ्यास करवाया जा रहा है, ताकि चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित हो सके। मतदान केंद्र के 200 मीटर की परिधि में पार्टी बूथ लगाने पर प्रतिबंध होगा और मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में प्रचार पर प्रतिबंध है। साधारण पार्टी बूथ को 200 मीटर से अधिक दूरी पर एक मेज और दो कुर्सियों और तिरपाल के साथ बिना किसी प्रचार सामग्री के स्थापित किया जा सकता है। परिसर में पार्टी और उम्मीदवार के नाम और प्रतीक वाले बैज, टोपी, शॉल, मफलर आदि की अनुमति नहीं है।
मतदान केंद्रों के अंदर एजेंटों को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं है। मतदान केंद्र के अंदर और मतदान कक्ष के बाहर मतदान कार्यवाही की वीडियोग्राफी की अनुमति केवल ईसीआई की ओर से अधिकृत प्रेस रिपोर्टर को ही है। किसी भी स्थिति में मतदान कक्ष में वीडियोग्राफी की अनुमति नहीं है। मतदान की गोपनीयता सुनिश्चित करने का उचित ध्यान रखा जाएगा।