मैनपुरी। सोमवार को सूरज की तपिश और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से ही निकली तेज धूप में लोगों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। अधिकतम तापमान भी 37 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके चलते शाम को भी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी।
पिछले सप्ताह लोगों को मौसम के चलते गर्मी से राहत मिल गई थी, लेकिन अब एक बार फिर गर्मी से लोग परेशान होने लगे हैं। सोमवार को आसमान साफ रहने के चलते तेज धूप निकली। इसके चलते सुबह ही तापमान काफी ऊपर चढ़ गया था। दोपहर होने तक अधिकतम तापमान जहां 37 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया तो वहीं गर्म हवाएं चलना भी शुरू हो गईं।
इसके चलते लोगों को परेशानी हुई। सड़कों पर सामान लेने या कार्यालय जाने के लिए निकले लोगों को धूप और गर्म हवाओं ने खूब बेहाल किया। दिनभर इससे राहत नहीं मिल सकी। शाम को भी मौसम में खास बदलाव न होने से गर्मी का अहसास रहा। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार आसमान साफ रहने तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम ही है।