अमांपुर(कासगंज)। कस्बे के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव सोमवार की सुबह नर्सरी मैदान में पड़ा हुआ मिला। शव के पास ही तमंचा, कारतूस, शराब की बोतल के कवर, गिलास, कोल्ड ड्रिंक की बोतल आदि बरामद की गई हैं। युवक को घर से कुछ दोस्त बुलाकर ले गए थे। परिजनों ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
हत्या अनिल शाक्य (28) पुत्र खेमकरण शाक्य निवासी आंबेडकर नगर, अमांपुर की गई है। हत्यारोपियों ने उसके सिर में गोली मारी है। घटनास्थल से शराब की बोतल के कवर, कोल्ड ड्रिंक गिलास और एक तमंचा व 6 कारतूस बरामद किए गए हैं। एक कारतूस तमंचे की नाल में फंसा हुआ था। मृतक के भाई राहुल शाक्य ने बताया कि अनिल मिट्टी की ठेकेदारी का कार्य करता था। रात्रि करीब 10 बजे उसका कोई मिलने वाला दोस्त घर से बुलाकर ले गया। वह रात को वापस नहीं लौटा और सुबह उसका शव पड़े होने की सूचना परिवार के लोगों को मिली। परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
हत्याकांड की सूचना पर एसपी मनोज कुमार सोनकर, सीओ सहावर शैलेंद्र प्रतिहार अन्य थानों के पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया। अभी तक हत्यारों की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की मां का कहना है कि जो युवक अनिल को बुलाने पहुंचा था उसकी वो शक्ल से तो पहचान सकती है, लेकिन उसका नाम नहीं जानती। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। एसपी ने अमांपुर के कोतवाली निरीक्षक को मामले के खुलासे के निर्देश दिए हैं।
मौके पर बुलाया गया डॉग स्क्वैड
एसपी मनोज कुमार सोनकर के निर्देश पर मौके पर डॉग स्क्वैड टीम को बुलाया गया, लेकिन टीम को सुराग नहीं मिला। घटनास्थल से फारेंसिक विभाग की टीम ने भी नमूने लिए।
सिर पर गोली लगने से युवक की मौत हुई है। परिवार के लोगों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। मौके से एक तमंचा व कारतूस भी मिले हैं। मोबाइल कॉल डिटेल की भी सर्विलांस टीम जांच पड़ताल कर रही है।- मनोज कुमार सोनकर, एसपी।