फोटो03कासगंज के प्रभूपार्क में दोपहर के समय धूप में सेकते लोग। संवाद
कासगंज। जिले के मौसम ने एक बार फिर रंग बदल लिया है। पिछले 24 घंटों में मौसम के तीन मिजाज शहरवासियों ने देखे। रात में घना कोहरा, दिन में बादल और दोपहर बाद धूप निकली। बारिश के बाद तापमान में आई गिरावट और गलन ने सर्दी की तीव्रता को तेज कर दिया है। बृहस्पतिवार सुबह दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे सड़कों पर चल रहे वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। कई इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही।
सुबह करीब 9 बजे तक कोहरे का असर बना रहा। इस दौरान स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों को खासा परेशानी हुआ। हाईवे और प्रमुख मार्गों पर वाहनों की गति धीमी रही। न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कई दिनों बाद अचानक कोहरे की वापसी ने लोगों को चौंका दिया। दिन चढ़ने के साथ शीतल लहर के बीच कोहरा धीरे-धीरे छंटा, लेकिन इसके बाद आसमान में बादल छा गए। बादलों की वजह से धूप नहीं निकल सकी। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए और बाजारों में सुबह के समय अपेक्षाकृत कम चहल-पहल रही।
दोपहर करीब एक बजे के बाद बादल छंटने लगे और तेज धूप निकल आई। धूप निकलते ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ठंड से राहत मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे।
धूप का आनंद लेने के लिए लोग पार्कों, घरों की छतों और खुले मैदानों में नजर आए। हालांकि शाम ढलते ही एक बार फिर तापमान गिरावट ने सर्दी का अहसास कराया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को भी कोहरा छाने की संभावना है।