कासगंज। मौसम का मिजाज सोमवार को बदल गया। हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम सुहावना हो गया। दिन भर आसमान में बादल छाए रहे। इससे उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी राहत मिल गई लेकिन मौसम के इस रुख से किसानों को मायूसी हाथ लगी।
मौसम के मिजाज में वैसे तो रविवार दोपहर बाद से बदलाव आना शुरू हो गया। आसमान में छाए बादल सोमवार को भी बने रहे। दोपहर के समय हल्की बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया। बूंदाबांदी होते देख लोगों के चेहरे खिलने लगे। सोमवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे मौसम में काफी नमी आ गई। पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से बेहाल नजर आ रहे लोग काफी राहत में आ गए। किसान गंगाधर का कहना है कि फसल के लिए इस समय बारिश की काफी जरूरत है। बूंदाबांदी देख लग रहा था कि अच्छी बारिश होगी। इससे फसल के लिए पानी मिल जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कुछ देर बाद ही बूंदाबांदी बंद हो गई। इससे फसल को कोई लाभ नहीं मिलेगा।