आगरा में गर्मी के मौसम में एक तरफ लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं, तो दूसरी तरफ जलकल विभाग की लापरवाही से लाइन लीकेज से गंगाजल सड़क पर बह रहा है। खंदारी क्षेत्र में पिछले एक महीने से पानी की सप्लाई ठप होने के कारण करीब 10 हजार की आबादी प्यासी है। मंगलवार को इलाके में टैंकर पहुंचते ही पानी के लिए लोग खाली बर्तन लेकर टूट पड़े।
आगरा किला के सामने जलकल विभाग की लापरवाही से मुख्य पाइप लाइन लीक होने के कारण हजारों लीटर गंगाजल सड़क पर बहकर बर्बाद होता रहा। लोगों का कहना है कि विभाग की लापरवाही से एक तरफ बर्बादी हो रही है और दूसरी तरफ लोग बूंद-बूंद पानी को मोहताज है। स्थानीय निवासी ज्ञान सिंह का आरोप है कि जलकल विभाग को बार-बार शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लाइन ठीक कराने की जहमत नहीं उठाई गई। जलकल विभाग के महाप्रबंधक एमके राजपूत का कहना है कि पाइप लाइन लीकेज को ठीक कराया जाएगा। खंदारी क्षेत्र में टैंकर से पानी की सप्लाई कराई जा रही है।